✍️ रजनीश कुमार चौरसिया
वाराणसी-: कबीर की वाणी से समाज की जड़ता टूटती है। नई चेतना की निर्मिति होती है। कबीर से युवा पीढ़ी को चुनौतियों से जूझने की ज्योति मिलती है। ये बातें साहित्यकार प्रो चंद्रकला त्रिपाठी ने कही।
वह कबीर निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में कबीर चौरा मूलगादी मठ में चल रहे त्रिदिवसीय कबीर चौरा महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को विद्वत गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता बोल रही थी। कबीर का मोक्ष काशी से मगहर विषयक गोष्ठी में उन्होंने कहा कि कबीर अकेले मुक्ति नहीं चाहते थे। वह शोषित समाज को जड़ता से मुक्ति दिलाना चाहते थे। हर मनुष्य में स्वाभिमान भरना चाहते थे। कबीर ने समाज के अंतिम व्यक्ति को गरिमा दी। प्रो.त्रिपाठी ने कहा कि कबीर को पढ़ना ही नही जीना चाहिए। कबीर को जीने के लिए अनुराग चाहिए।
इनसे पूर्व विशिष्ट वक्ता बीएचयू की प्रो. सुमन जैन ने कहा कि कबीर प्रेम के प्रवक्ता थे। उन्होंने समाज को ढाई आखर पढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कबीर युवा पीढ़ी के पसंदीदा कवि हैं। कबीर की वाणी युवा पीढ़ी को आगाह ही नहीं, भयमुक्त भी करती है। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे मूलगादी मठ के पीठाधीश्वर आचार्य विवेदास ने कहा कि कबीर वाणी में वर्णित सतगुरु समाज में कम दिख रहे है।
गोष्ठी में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी , डॉ नीलम सिंह जेएनयू के प्रो.गोरखनाथ पाण्डेय ने अपने विचार रखे।
गोष्ठी की विषय स्थापना प्रो. पंकज चतुर्वेदी ने किया संचालन डॉ विमलेश व डॉ हरीश ने धन्यवाद ज्ञापित किया। गोष्ठी का शुभारंभ ताना बाना की प्रस्तुति से हुई। इस मौके रामकुमार दास ,भगीरथ दास देवेद्रदास गोविन्द दास सत्यम रजनीश आदि लोग मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment